रांची
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के नेतृत्व में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली अंडर-17 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य को गौरवान्वित किया है। यह प्रतियोगिता गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ में 13 दिसंबर से 17 दिसंबर 2025 तक आयोजित की जा रही है। जेवलिन थ्रो स्पर्धा में झारखंड की शिल्पा कुमारी ने 55.62 मीटर का उत्कृष्ट थ्रो करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया। उनके इस प्रदर्शन को प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में शामिल किया जा रहा है।

इसके साथ ही 4×100 मीटर रिले स्पर्धा में ओबामी मुर्मू, मुक्ता कुमारी, पृथ्वी उरांव और ममता मरांडी की टीम ने बेहतरीन तालमेल और तेज गति का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। झारखंड टीम का नेतृत्व कोच एवं मैनेजर जटाशंकर पांडेय, प्रशांत कुमार और गीतांजलि सिंह द्वारा किया जा रहा है।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के खिलाड़ी निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। यह सफलता राज्य में खेल प्रतिभाओं की क्षमता और सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे बेहतर प्रशिक्षण व सुविधाओं का परिणाम है। खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा सहित राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
.jpeg)